रिहायशी इलाके के खाली मकान में रखा था 176 किलो पटाखों का स्टॉक, नैला निवासी 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने नैला निवासी 52 वर्षीय दीपक कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं और उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम पटाखे बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने दीपक कुमार अग्रवाल (52), निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ की भूमिका रही।
खास बात: रिहायशी इलाके में पटाखों के भंडारण का मामला सामने आने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ अहम कार्रवाई माना जा रहा है।