रायपुर. छत्तीसगढ़ शासन ने डीएसपी कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वे वर्तमान में दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ थीं। इस संबंध में गृह (पुलिस) विभाग द्वारा निलंबन आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, शिकायत की प्राथमिक जांच में डीएसपी कल्पना वर्मा के खिलाफ कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। जांच में वित्तीय लेनदेन को लेकर विरोधाभासी कथन, कर्तव्य निर्वहन के दौरान अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने, पद के दुरुपयोग तथा अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने के आरोप पाए गए हैं। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत माना गया है। इन्हीं आधारों पर शासन ने उन्हें निलंबित करने का निर्णय लिया।
निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि डीएसपी कल्पना वर्मा और रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन के बीच विवाद के मामले में शासन के निर्देश पर एडिशनल एसपी स्तर पर विस्तृत जांच कराई गई थी। जांच के बाद लगभग 1475 पृष्ठों की रिपोर्ट शासन को सौंपी गई, जिसमें कई अहम खुलासे हुए।
जांच रिपोर्ट में दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट का भी उल्लेख है, जिनमें पुलिस विभाग से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां साझा किए जाने की बात सामने आई है। इसे खुफिया जानकारी के दुरुपयोग और लीक से जोड़कर देखा जा रहा है, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।