दुर्ग। दुर्ग जिले के स्मृति नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी के एक मकान में संचालित अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से संचालिका और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि 8 महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि विद्या विहार कॉलोनी स्थित मकान नंबर 146/8 में महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर महिला रक्षा टीम और स्मृति नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान पर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान संचालिका धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत (35) और ग्राहक अमन शेख (25) को गिरफ्तार किया गया। वहीं मौके से 8 महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिन्हें आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल, 12 मोबाइल फोन, वेश्यावृत्ति में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री और 5,500 रुपये नगद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत स्मृति नगर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास होने वाली किसी भी अवैध या अनैतिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।