जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यवसायी के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप घायल हो गया है। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव की है। देर रात करीब 12 बजे तीन अज्ञात हमलावर घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां आयुष अपने भाई और बहन के साथ सो रहा था। हमलावरों ने आयुष पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके सीने और दूसरी कनपटी पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हमलावरों ने आशुतोष पर भी फायर किया, जिससे वह घायल हो गया।
मृतक आयुष कश्यप, सम्मेलाल कश्यप का बेटा था, जो हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले आयुष रेत से जुड़ी एक गाड़ी छुड़वाने गया था और देर रात घर लौटा था। सम्मेलाल कश्यप इलाके के जाने-माने लोहा व्यापारी हैं और ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। परिवार का आरोप है कि यह हमला लूट नहीं बल्कि व्यवसायिक रंजिश के चलते की गई सोची-समझी हत्या है, हालांकि घटना के दौरान नकदी की मांग की बात भी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
इलाके में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में उपसरपंच की हत्या जैसी गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।