New CM West Bengal : कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। भवानीपुर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित बीजेपी के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे ।
शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। बीजेपी ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। समारोह में एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी शामिल हो सकते हैं। वहीं प्रोटोकॉल के तहत ममता बनर्जी को भी कार्यक्रम का निमंत्रण भेजा गया है।
New CM West Bengal: दरअसल, 8 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे। यहां बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। अमित शाह ने खुद उनके नाम का ऐलान किया। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में ममता बनर्जी के 15 साल लंबे शासन का अंत हो गया।
इधर, नई सरकार के गठन से पहले ही केंद्र सरकार भी एक्शन मोड में नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में वर्षों से लंबित केंद्रीय योजनाओं और परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सभी मंत्रालयों से उन परियोजनाओं की सूची मांगी गई है, जो पिछले कई वर्षों से प्रशासनिक या राजनीतिक कारणों से अटकी हुई थीं।बताया जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सौंपी गई है। उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों से लंबित योजनाओं और परियोजनाओं का विस्तृत ब्यौरा तलब किया है, ताकि नई सरकार बनने के बाद विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।