रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य एवं जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके करियर और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। छात्रों ने कलेक्टर, पुलिस अधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर समेत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की इच्छा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित विद्यार्थी पूरे जिले और प्रदेश का गौरव हैं तथा उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।