दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के करंजा भिलाई से सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांवड़ यात्रा के दौरान एक महिला पर बैटरी में इस्तेमाल होने वाला एसिड डालकर हमला किया गया। घटना में महिला के साथ दो बच्चे भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय महिला अपने परिचित और कुछ ग्रामीणों के साथ कांवड़ यात्रा में ग्राम कोडिया पहुंची थी। इसी दौरान करंजा भिलाई निवासी महेश दास बैरागी मौके पर पहुंचा और महिला पर एसिड डाल दिया। महिला को गंभीर चोटें आईं, जबकि दो बच्चे भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। महिला को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बातचीत बंद होने से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार महिला और आरोपी महेश दास एक ही कंपनी में काम करते थे। करीब छह महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने काम छोड़ दिया था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि महिला ने कुछ समय से उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसी बात को लेकर वह नाराज था।
बैटरी से एसिड निकालकर पहुंचा था आरोपी
बताया गया कि आरोपी बैटरी से एसिड निकालकर एक टिन के डिब्बे में लेकर महिला के पास पहुंचा था। घटना के बाद आरोपी करंजा भिलाई में छिपा हुआ था। सूचना मिलने पर नंदिनी नगर थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी महेश दास बैरागी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।