रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के बाद रायपुर लौट आए हैं। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने दिल्ली दौरे के साथ-साथ प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी।
वर्ल्ड लीडरशिप फोरम में छत्तीसगढ़ के निवेश पर रखा पक्ष
CM साय ने बताया कि दिल्ली में द इकोनॉमिक टाइम्स द्वारा आयोजित वर्ल्ड लीडरशिप फोरम में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति, प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और बस्तर में उद्योग व रोजगार के अवसरों को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने देश-विदेश के निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता भी दिया।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और उन्हें छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया। CM साय ने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी उनकी मुलाकात हुई।
IGKV पेपर लीक मामले में जांच जारी
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है और कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राहुल गांधी के 7 घंटे धरने पर CM साय का तंज
राहुल गांधी के दिल्ली में थाने के बाहर करीब सात घंटे धरना देने को लेकर भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं, तो ऐसे समय में थाने के बाहर घंटों धरना देने का कोई औचित्य नहीं है। CM साय ने इसे राजनीतिक नाटक बताया।