रायपुर। Weather update CG: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगस्त के आखिरी दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
Weather update CG,राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कई दौर में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव भी बना हुआ है। इसके अलावा एक द्रोणिका झारखंड से उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में पहले भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। एमसीबी जिले के कोटाडोल में 11 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा छुरा और नांगार में 7 सेंटीमीटर, जबकि सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इन इलाकों में अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और सरगुजा समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवा और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
कुछ जिलों में मध्यम बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, जशपुर और बलरामपुर समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।