रायपुर। थाना टिकरापारा क्षेत्र के शिवाजी रेजिडेंसी, सेक्टर-4 कमल विहार में छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपार्टमेंट के करीब 100 रहवासियों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।

टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मरई के निर्देश पर वरिष्ठ आरक्षक भारतेंद्र साहू और आरक्षक जितेंद्र सिन्हा ने नागरिकों को फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, फर्जी वेबसाइट, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी।
पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल या पासवर्ड साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और बिना जांच-पड़ताल के ऑनलाइन लेन-देन करने से बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में अपार्टमेंट अध्यक्ष आनंद राव सहित बासुदेव यादव, मोहन नामदेव और गौरव सिंह ने पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए आम नागरिकों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने नागरिकों को “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें” का संदेश देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।