रायपुर,। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत को बेहतर इलाज की उम्मीद मिली है। सोशल मीडिया के माध्यम से शशिकांत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और फोन पर उनसे बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शशिकांत को 9 सितंबर की शाम एम्स रायपुर में भर्ती कराया। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री ने शशिकांत के उपचार के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।
2016 के हादसे के बाद प्रभावित हुआ स्वास्थ्य
वर्ष 2016 में सड़क दुर्घटना में शशिकांत को गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के बाद वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। दुर्घटना के कारण सर्वाइकल की समस्या उत्पन्न हुई, जिससे उनके हाथ-पैर की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई। लंबे समय तक अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया।
मुख्यमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत और तत्काल मिली चिकित्सकीय सहायता के बाद शशिकांत ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी लेना, एम्स में इलाज की व्यवस्था कराना और 4 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करना उनके और परिवार के लिए बड़ा संबल है।