रायपुर । छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की स्कूल शिक्षा विभाग में 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के तहत यह भर्ती की जा रही है।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार कुल 854 पदों में ई-संवर्ग के 424 और टी-संवर्ग के 430 पद शामिल हैं।
विषयवार रिक्त पदों में हिन्दी 120, अंग्रेजी 120, संस्कृत 120, भौतिकी 94, राजनीति शास्त्र 100, इतिहास 100, भूगोल 100 और अर्थशास्त्र 100 पद शामिल हैं।
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य आवश्यक शर्तों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में जारी की जाएगी। भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि विस्तृत विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर जारी होगा।
व्याख्याता पदों के लिए लिखित परीक्षा CGSSB द्वारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन की तारीख और अन्य जानकारी CGSSB द्वारा अलग से जारी की जाएगी।