26.1 C
Raipur
Friday, October 16, 2026
Homeछत्तीसगढ़नवा रायपुर में ₹152.74 करोड़ से बनेगी प्रदेश की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स...

नवा रायपुर में ₹152.74 करोड़ से बनेगी प्रदेश की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स इकाई, 3,500 लोगों को मिलेगा रोजगार

Date:

Related stories

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में यश फैन्स की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन, छत्तीसगढ़ में बनेंगे इलेक्ट्रिक फैन और किचन एप्लायंसेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर में यश फैन्स की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया। ₹152.74 करोड़ के निवेश से स्थापित होने वाली इस इकाई से 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। यह छत्तीसगढ़ की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत बड़े पैमाने पर रोजगार देने वाले उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हजारों युवाओं और उनके परिवारों के लिए आर्थिक मजबूती का आधार बनेगी।

यश फैन्स क्रॉम्पटन, हैवेल्स, उषा और मिल्टन जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के लिए इलेक्ट्रिक फैन और किचन एप्लायंसेस का निर्माण करती है। नई इकाई शुरू होने के बाद इन ब्रांड्स के उत्पादों का निर्माण छत्तीसगढ़ में भी किया जाएगा।

इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर सहायक उद्योगों और छोटे व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावना है। कल-पुर्जों की आपूर्ति, पैकेजिंग, परिवहन और अन्य सेवाओं की मांग बढ़ने से स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।

परियोजना की एक प्रमुख विशेषता छत्तीसगढ़ में उपलब्ध स्टील और एल्युमिनियम का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन करना है। इससे स्थानीय संसाधनों का उपयोग तैयार उत्पादों के निर्माण में होगा और राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ लंबे समय से स्टील, कोयले और बिजली के माध्यम से देश के विकास में योगदान देता रहा है। अब राज्य में उपलब्ध संसाधनों से तैयार उत्पादों का निर्माण बढ़ाना लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्प के अनुरूप ‘मेड इन छत्तीसगढ़’ उत्पादों को देशभर के घरों तक पहुंचाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कंपनी का स्वागत करते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़े, उत्पादन जल्द शुरू हो और स्थानीय युवाओं को रोजगार का लाभ मिले।

यश फैन्स के चेयरमैन रितेश नरेडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्टील और एल्युमिनियम की उपलब्धता, देश के मध्य में स्थित होने, मेहनती मानव संसाधन और राज्य सरकार के सहयोग के कारण विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार की अच्छी संभावनाएं हैं। हैदराबाद स्थित कंपनी वर्तमान में हैदराबाद और हिमाचल प्रदेश में 12 विनिर्माण इकाइयां संचालित कर रही है। नवा रायपुर में स्थापित होने वाली इकाई छत्तीसगढ़ में कंपनी की पहली इकाई होगी।

कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories