छात्रहित में लिया गया फैसला : उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा
रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब राज्य के जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने विधिवत आदेश जारी कर दिया है।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मूल ध्येय प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले पाए थे। सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की तिथियों के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए। इसी छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त की गई है।
मंत्री श्री वर्मा ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि के भीतर रिक्त सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई और कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई थी। अंतिम तिथि बीतने के बाद भी कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गई थीं। वहीं, दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कई अभ्यर्थी भी समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए शासन ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है।