रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर प्रदेशवासियों को इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत में विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान संचालित होता है और छत्तीसगढ़ में भी अब इसे आधुनिक व डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुलभ बनेगी। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है। इन आंकड़ों के आधार पर ही सरकार आने वाले वर्षों की योजनाएं बनाती है, ताकि विकास का लाभ हर वर्ग तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर मकानों, उनकी स्थिति, उपयोग और बुनियादी सुविधाओं—जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस और इंटरनेट—से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सही और पूरी जानकारी दें, क्योंकि यह विकास की नींव तय करती है। साथ ही आश्वस्त किया कि सभी व्यक्तिगत जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल नीतिगत उद्देश्यों के लिए होगा।
सीएम साय ने कहा कि “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” के संकल्प को साकार करने में जनगणना की अहम भूमिका है और इसे जनभागीदारी का उत्सव बनाना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव एवं जनगणना के नोडल अधिकारी मनोज कुमार पिंगुआ, कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह, संचालक जनगणना कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनगणना 2027 का शुभारंभ, सीएम साय ने की ऑनलाइन स्व-गणना—कहा, विकास की दिशा तय करते हैं सटीक आंकड़े
Date: