रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और कई जिलों में बारिश का दौर तेज हो गया है। राजधानी रायपुर समेत अलग-अलग इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है।
रविवार से शुरू हुई बारिश के कारण रायपुर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।
5 दिनों तक बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई।
मौसमी स्थिति की बात करें तो छत्तीसगढ़ में अब तक बारिश सामान्य के आसपास रही है। प्रदेश में सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा बरसे बादल
बारिश के आंकड़ों के अनुसार रघुनाथनगर और रामानुजगंज में सर्वाधिक 12-12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजपुर में 10 सेंटीमीटर, जबकि कुसमी और चांदो में 9-9 सेंटीमीटर पानी गिरा। जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।
इसके अलावा बलरामपुर में 6 सेंटीमीटर तथा करतला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में करीब 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इन जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है। रायपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
वहीं बस्तर संभाग के कई जिलों सहित अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश के आसार हैं। बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।