रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रविवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही पूर्व अग्निवीरों की भर्ती और विभाग के नाम परिवर्तन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

मंत्रिपरिषद ने गृह विभाग में आरक्षक के 36 रिक्त पदों पर पूर्व अग्निवीरों की भर्ती की अनुमति प्रदान की है। राज्य सरकार पहले ही पूर्व अग्निवीरों के लिए इन पदों पर 10 प्रतिशत श्रेणीवार आरक्षण का प्रावधान कर चुकी है। इस फैसले के तहत पूर्व अग्निवीरों के अनुभव, अनुशासन और दक्षता का लाभ राज्य की सेवाओं में लिया जाएगा।
आदिम जाति विकास विभाग का बदलेगा नाम
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ शासन कार्य आवंटन नियम में संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके तहत अब ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के नेतृत्व पर अभिनंदन प्रस्ताव
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर नेतृत्व और जनसेवा की यात्रा के लिए अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व राष्ट्र प्रथम, सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय के सिद्धांतों को समर्पित रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास, गरीब कल्याण, जनजातीय विकास और नक्सल उन्मूलन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। राज्य सरकार ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।