नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के मेहनतकश परिवारों के सपनों और संघर्ष का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता साबित करती है कि प्रतिभा आर्थिक संसाधनों या पारिवारिक पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। राजमिस्त्री, किसान और शिक्षक परिवारों से आने वाले युवाओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के प्रथम चरण में सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं की सराहना करते हुए बताया कि राज्य सरकार की पहल ने उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा सफलता का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन वास्तविक लक्ष्य मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम को सफलता की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए पूरी निष्ठा के साथ तैयारी करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल एक प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम हैं। राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी सोच के तहत दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है, जिससे दूरस्थ जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका में रहकर तैयारी करने वाले 13 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।