रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर, सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि गांवों के नजदीक बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से वित्तीय समावेशन के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में बैंक की सेवाओं के 25 वर्ष पूरे होने की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने बैंक के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में तैयार किए गए विशेष लोगो का विमोचन किया और बैंक प्रबंधन, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा ग्राहकों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ केवल बड़े शहरों और व्यावसायिक केंद्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क बढ़ाने की जरूरत है। इससे ग्रामीणों को ऋण, बीमा, डिजिटल भुगतान और अन्य वित्तीय सेवाओं तक आसान पहुंच मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का विस्तार किसानों, युवाओं, महिलाओं और छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण में अहम भूमिका निभा सकता है। किसानों को कृषि गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता, युवाओं को स्वरोजगार और उद्यम के लिए ऋण तथा छोटे व्यवसायियों को कारोबार विस्तार के लिए पूंजी उपलब्ध कराने में बैंक महत्वपूर्ण भागीदार बन सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों को भी बैंकिंग सुविधाओं और ऋण से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित लेन-देन, बचत और बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है।
साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। ऐसे में अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुशासन और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए भी महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने एचडीएफसी बैंक की छत्तीसगढ़ में 25 वर्षों की यात्रा को महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए उम्मीद जताई कि बैंक आने वाले समय में शहरों के साथ-साथ ग्रामीण और विशेष रूप से बस्तर व सरगुजा के दूरस्थ इलाकों में अपनी सेवाओं का विस्तार करेगा।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, एचडीएफसी बैंक के ग्रुप हेड अरुण मेदीरत्ता, ब्रांच बैंकिंग हेड सेंट्रल इंडिया प्रतीक शर्मा सहित बैंक के प्रतिनिधि मौजूद रहे।