रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीजापुर जिले के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए बीजापुर कलेक्टर को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि दुर्व्यवहार अथवा उत्पीड़न की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीएम साय ने कहा कि आवासीय विद्यालय और छात्रावास बच्चों के लिए घर की तरह हैं। माता-पिता अपने बच्चों को विश्वास के साथ इन संस्थानों में भेजते हैं। इस विश्वास की रक्षा करना शासन-प्रशासन और संस्थान से जुड़े प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालिका छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए। साथ ही, सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन, अधीक्षकों एवं जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति और शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की भी समीक्षा हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं के लिए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिसमें वे बिना किसी भय और संकोच के अपनी बात रख सकें। शिकायतों को दबाने, छिपाने अथवा कार्रवाई में विलंब की स्थिति में संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्राओं से दुर्व्यवहार, उत्पीड़न अथवा डराने-धमकाने की शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई करें। आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य जरूरी सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।