नई दिल्ली/रायपुर, 13 अगस्त। रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं के विस्तार और विमानन अधोसंरचना को मजबूत करने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने और बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य में बेहतर और मजबूत हवाई कनेक्टिविटी समय की आवश्यकता है। रायपुर का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि ओडिशा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण हवाई केंद्र है।
वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या हैदराबाद जैसे शहरों के माध्यम से जाना पड़ता है। इससे यात्रियों का समय और खर्च दोनों बढ़ते हैं। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से रायपुर एयरपोर्ट को जल्द अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने और यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की प्रक्रिया को गति देने का आग्रह किया।
अग्रवाल ने कहा कि रायपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत होने से छत्तीसगढ़ की देश और दुनिया से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे व्यापार, उद्योग, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए ₹300 करोड़ की मांग
सांसद ने बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एयरपोर्ट को 3C से 4C श्रेणी में उन्नत करने के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ के 14 जिलों के साथ-साथ मध्यप्रदेश के तीन समीपवर्ती जिलों के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण हवाई सुविधा का केंद्र है।
प्रस्तावित राशि से एयरपोर्ट के रनवे को वर्तमान 1,500 मीटर से बढ़ाकर 2,885 मीटर किया जाना है। इसके अलावा नए एटीसी टावर और आधुनिक यात्री टर्मिनल के निर्माण का भी प्रस्ताव है। इन सुविधाओं के विकसित होने से बड़े विमानों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी और बिलासपुर क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से दोनों प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हवाई अधोसंरचना का विस्तार केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के आर्थिक विकास, व्यापार, पर्यटन और नए निवेश के लिए भी महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगा।
उन्होंने कहा कि रायपुर को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ना और बिलासपुर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।