मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार रात उनसे मुलाकात की। इस दौरान शिंदे ने श्रॉफ और उनके परिवार को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया। मुलाकात के दौरान टाइगर की मां आयशा श्रॉफ भी मौजूद थीं।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने बताया कि घटना के दौरान पांच राउंड फायरिंग हुई थी। बारूद और कांच के टुकड़ों के कारण टाइगर श्रॉफ के बाएं हाथ में चोटें आई हैं, जबकि उनके ड्राइवर भी घायल हुए हैं। सामने आई तस्वीरों में अभिनेता के हाथ पर पट्टी बंधी दिखाई दी।
श्रॉफ परिवार को दिया सुरक्षा का भरोसा
एकनाथ शिंदे ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि अभिनेता और उनकी मां घटना के बाद डरे हुए हैं। राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धमकी देने वालों पर होगी कार्रवाई
शिंदे ने कहा कि सार्वजनिक हस्तियों को डराने-धमकाने की कोशिशों के खिलाफ प्रशासन सख्त कदम उठाएगा। मुंबई में 1990 के दशक में हुई गैंगवार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों को दोबारा पनपने नहीं दिया जाएगा।
गोलीबारी की घटना के बाद अभिनेता का हालचाल जानने के लिए शिंदे उनके घर पहुंचे थे। इस दौरान अभिनेत्री दिशा पाटनी भी टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके घर पहुंचीं।