इंद्रावती नदी के पास जंगल में जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखा था खजाना, DRG और BDS की संयुक्त कार्रवाई में बरामदगी
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से पुलिस ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई को माओवादियों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में DRG, थाना भैरमगढ़ और BDS की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान शुरू किया।
थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर तलाशी के दौरान BDS टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई की। इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें सोने के बिस्किट और नकदी मिली।
पुलिस के अनुसार, डिब्बे से 10-10 तोले के कुल 33 सोने के बिस्किट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी मिले हैं।
अब तक 8.24 करोड़ नकद और 12.34 किलो सोना बरामद
पुलिस के मुताबिक, DRG, STF, CoBRA और CRPF के संयुक्त प्रयासों से बीजापुर जिले में अलग-अलग स्थानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इन अभियानों के दौरान अब तक माओवादी डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
फिलहाल बरामद सोने और नकदी के संबंध में भैरमगढ़ थाने में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।