नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हाल ही में छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में उनके आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। यह संगठनात्मक नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री साय और स्मृति ईरानी की पहली मुलाकात रही।

मुख्यमंत्री साय ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ के विकास, भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर में विकास की संभावनाओं और बदलते स्वरूप को लेकर भी स्मृति ईरानी के साथ विचार-विमर्श किया। साथ ही प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

गौरतलब है कि भाजपा ने सितंबर में स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शम्भू को सह-प्रभारी नियुक्त किया था। नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों नेताओं को बधाई दी थी और कहा था कि स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय अनुभव एवं संगठन के प्रति समर्पण छत्तीसगढ़ में संगठन और जनसेवा के संकल्प को मजबूती देगा।
अब दिल्ली में हुई इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ भाजपा में नई संगठनात्मक जिम्मेदारी के बाद मुख्यमंत्री और प्रदेश प्रभारी के बीच शुरुआती समन्वय बैठक के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, मुलाकात में किसी विशेष राजनीतिक या संगठनात्मक फैसले की घोषणा नहीं की गई है।