22.8 C
Raipur
Saturday, October 17, 2026
Homeछत्तीसगढ़मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के रायपुर स्थित निवास में गरबा महोत्सव की...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के रायपुर स्थित निवास में गरबा महोत्सव की धूम, मां दुर्गा की आराधना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

Date:

Related stories

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में शुक्रवार को नवरात्रि के अवसर पर गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बेटियों और गुजराती समाज के लोगों ने भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने मां दुर्गा की आराधना के साथ गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति संगीत और गरबा की ताल से मुख्यमंत्री निवास का परिसर उत्सवी माहौल में नजर आया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने सभी को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना, श्रद्धा, भक्ति और नारी सम्मान का महापर्व है। भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है। यह पर्व मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के प्रति अपने दायित्वों की याद दिलाता है।

महिला सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गरबा मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति की अभिव्यक्ति होने के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। गुजरात से जुड़ी गरबा परंपरा आज देशभर में उत्साह के साथ मनाई जाती है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने इसे महिलाओं के परिश्रम, सामर्थ्य और आत्मविश्वास का प्रमाण बताया।

छत्तीसगढ़ के शक्तिपीठों के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की पावन धरती है और यहां शक्ति की आराधना की समृद्ध परंपरा रही है। बस्तर की मां दंतेश्वरी, डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया और चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी सहित प्रदेश के अनेक देवी धाम धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान के प्रमुख केंद्र हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। देवी धामों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

विकसित छत्तीसगढ़ में गुजराती समाज की भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने गुजराती समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने व्यापार, उद्योग, शिक्षा, सेवा और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान विभिन्न समाजों और संस्कृतियों को अपनाने की रही है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी समाजों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि शक्ति, सकारात्मकता और सामूहिकता का संदेश देती है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रत्येक परिवार के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित विभिन्न आयोगों और मंडलों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष मौजूद रहे।

इसके अलावा सर्व गुजराती समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतेश गांधी, पूर्व विधायक एवं एन.आर. गुजराती एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष देवजी पटेल, गुजराती स्कूल के अध्यक्ष जयंती पटेल सहित गुजराती समाज के अन्य पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories