25.1 C
Raipur
Monday, August 31, 2026
Homeक्राइमकौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 2 बच्चों समेत 11 की...

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 2 बच्चों समेत 11 की मौत; 22 झुलसे

Date:

Related stories

बिजली के निजीकरण को लेकर कांग्रेस फैला रही भ्रम : CM विष्णुदेव साय

CM साय बोले- रूटीन प्रक्रिया को निजीकरण से जोड़ना...

नारी के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़: CM साय

नारी शक्ति सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट...

धमाके से पूरी फैक्ट्री जमींदोज, आसपास के 8 मकान क्षतिग्रस्त; 3 पूरी तरह ढहे, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका

कौशांबी/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर के मोहम्मदपुर गांव में हुए हादसे में 2 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग झुलस गए। कौशांबी जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि हादसा सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरी पटाखा फैक्ट्री जमींदोज हो गई। आसपास करीब 100 मीटर के दायरे में बने 8 मकान भी क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें से 3 पूरी तरह ढह गए। एक मकान की तीसरी मंजिल में करीब 8 फीट का बड़ा छेद होने की बात सामने आई है।

200 जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 200 जवान राहत और बचाव अभियान में जुटे हैं। मलबा हटाने के लिए 10 बुलडोजर लगाए गए हैं।

पुलिस को आशंका है कि मलबे के नीचे कुछ लोग दबे हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई है।

फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर कर रहे थे काम

पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। आसपास के कुछ मकानों में रहने वाले लोग भी विस्फोट की चपेट में आए हैं। धमाके के बाद मौके पर धुएं का गुबार छा गया और पटाखों के लगातार फटने से राहत एवं बचाव कार्य में भी चुनौती आई।

ग्रामीणों ने घायलों को चारपाई और अन्य साधनों से अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री करीब 800 वर्गफीट क्षेत्र में बनी एक मंजिला इमारत थी। फैक्ट्री संचालक का नाम आदिल बताया गया है। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री के आसपास नई बस्ती भी बस रही थी।

संचालक समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR

मामले में फैक्ट्री संचालक समेत 6 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में संचालक आदिल के पिता नौशाद, चाचा शकील, मां, चाची और एक अन्य महिला शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

गुस्साए लोगों ने संचालक की दुकान में की तोड़फोड़

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने फैक्ट्री संचालक आदिल की कस्बे में स्थित दुकान में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

CM योगी ने मुआवजे का किया ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है।

SRN अस्पताल में घायलों का इलाज

विस्फोट में घायल पांच लोगों का प्रयागराज के SRN अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।

फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है। पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में किसी व्यक्ति के दबे होने की स्थिति में उसे सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories