नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार की मंजूरी के बाद 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
सरकार ने पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों की जांच Central Bureau of Investigation को सौंपने का निर्णय लिया है। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करेगी।
NTA के मुताबिक दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को नया रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा और कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। पहले जमा किया गया परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा।
गौरतलब है कि 3 मई को देशभर में NEET UG परीक्षा आयोजित हुई थी। इसके बाद राजस्थान और उत्तराखंड से पेपर लीक की शिकायतें सामने आई थीं। राजस्थान पुलिस की SOG को 400 से ज्यादा संदिग्ध प्रश्नों का सेट मिला था, जिनमें कई सवाल परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मिलते-जुलते बताए गए।
महाराष्ट्र के लातूर समेत कई जगहों से भी कथित प्रश्नपत्र और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसके बाद मामले की जांच तेज की गई। NTA ने कहा कि परीक्षा सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कराई गई थी, लेकिन संदिग्ध जानकारियां मिलने पर उन्हें केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया गया था।