रायपुर। राजधानी रायपुर के रिंग रोड पर गुरुवार सुबह एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने टैंकर की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी। हादसे के वक्त बस में 7 लोग सवार थे। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, जीवन ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 E 3376 टाटीबंध से भाठागांव की ओर जा रही थी। सुबह करीब 9 बजे ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने पहुंचने पर बस की टैंकर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे बने बस स्टॉप से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं बस स्टॉप का स्ट्रक्चर भी टूट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
बस में 7 लोग सवार, सभी सुरक्षित
डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। टैंकर की टक्कर के बाद यात्री बस अनियंत्रित होकर बस स्टॉप में जा घुसी। बस में कुल 7 लोग सवार थे। घटना में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ टैंकर की भूमिका की भी जांच कर रही है।