नई दिल्ली: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को एक बड़ा कानूनी झटका लगा है। गुवाहाटी हाई कोर्ट ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी को लेकर की गई विवादित टिप्पणियों से जुड़े आपराधिक मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।
दरअसल, खेड़ा ने मुख्यमंत्री की पत्नी रिंकी भुयान सरमा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उनके पास कई देशों के पासपोर्ट हैं और विदेशों में अघोषित संपत्तियां मौजूद हैं। यह आरोप उन्होंने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सार्वजनिक रूप से लगाए थे, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
इन आरोपों के जवाब में रिंकी भुयान सरमा ने गुवाहाटी क्राइम ब्रांच में खेड़ा और अन्य के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया। शिकायत में धोखाधड़ी, मानहानि, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में जालसाजी तथा जानबूझकर अपमान करने जैसी धाराएं शामिल की गई हैं।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे अब सुनाते हुए हाई कोर्ट ने खेड़ा की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।