मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में विधायक व पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अधीन मोहले, निवासी आवासपारा दशरंगपुर, बल्लू बघेल, पिता तिजऊ राम, और गंगा राम, निवासी रेहुंटा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अपने भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत की खबर मिलने पर विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक के समर्थकों के साथ भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी जिला अस्पताल पहुंचे।
आज गृह ग्राम दशरंगपुर में होगा अधीन मोहले का अंतिम संस्कार
विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में किया जाएगा। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
हादसे के बाद पिकअप चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।