शिवरीनारायण. माघी पूर्णिमा से प्रारंभ हुआ शिवरीनारायण का सुप्रसिद्ध मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। दूर-दराज़ क्षेत्रों के साथ-साथ उड़ीसा सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालु महानदी के त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान कर भगवान श्री शिवरीनारायण के दर्शन-पूजन कर रहे हैं। मेले में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिल रहा है। जगह-जगह भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा है, वहीं उड़ीसा और अन्य राज्यों से आई कीर्तन मंडलियां भक्तिमय माहौल बना रही हैं।
मेले के दौरान सत्यनारायण भगवान की पूजा, मंदिरों में रामायण पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मेले में लगे झूले, सिनेमा और मौत का कुआं श्रद्धालुओं व बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
आस्था और संस्कृति के इस संगम में शामिल होने के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में शिवरीनारायण पहुंच रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यहां भगवान श्री शिवरीनारायण के दर्शन से पुण्य और मोक्ष की प्राप्ति होती है।