रायपुर: राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं। छेड़ीखेड़ी स्थित UltraTech Cement फैक्ट्री के पास तड़के सुबह एक ओवरलोड ट्रक ने तीन युवकों को कुचल दिया।
इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक सुबह नौकरी के लिए निकले थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे मार्मिक बात यह है कि मृत भाइयों में से एक की शादी कुछ ही महीनों में होने वाली थी।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण फैक्ट्री के सामने धरने पर बैठ गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री से जुड़े भारी वाहन अक्सर ओवरलोड और तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।