रायपुर। छत्तीसगढ़ में गन्ना किसानों के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा निर्णय लिया है। अब प्रदेश के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने यह फैसला लिया है। पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर से किया जाएगा।
गन्ना किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर हड़ताल और प्रदर्शन के बीच सरकार के इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और किसान परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हों, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री से शनिवार को भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। गन्ना उत्पादक किसानों की समस्याओं और उनके हितों का विषय भी उठाया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही गांवों और छत्तीसगढ़ का विकास संभव है।
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना खरीदी की दर बढ़ाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।