लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले में सावन की तीसरी सोमवारी पर अशोक धाम मंदिर के पास बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से कम से कम 8 श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे थे
सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए अशोक धाम मंदिर में करीब 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे। सुबह पूजा के दौरान मंदिर के पास अचानक बिजली का एक पोल गिर गया। इसके बाद वहां करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
अफवाह के बाद मची भगदड़
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी और वहां दो ट्रेनें भी खड़ी थीं। अचानक बिजली का पोल गिरने के बाद अफवाह फैल गई कि लोगों के ऊपर लाइव बिजली का तार गिर गया है। जबकि गिरा हुआ तार केबल वायर था। अफवाह के कारण महिलाओं की लाइन में अचानक दबाव बढ़ गया और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे।
दो मिनट में हुआ पूरा हादसा
डीएम ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम सुबह करीब 3 बजे से ही मौके पर निगरानी कर रही थी। घटना अचानक हुई और महज करीब दो मिनट के भीतर भगदड़ की स्थिति बन गई। प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।