छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान झाल्टा फाटा निवासी 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुड़े, उनकी पत्नी संगीता और 19 वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद एक iPhone की EMI को लेकर शुरू हुआ था।

iPhone की EMI को लेकर पिता से हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि कुणाल ने हाल ही में iPhone खरीदा था और उसकी EMI भरने के लिए परिवार से पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसका पिता के साथ विवाद हो गया। पिता की डांट से नाराज होकर कुणाल घर से निकल गया और सुबह करीब 10 बजे वालुज MIDC थाना क्षेत्र के तिसगांव स्थित पहाड़ी पर पहुंच गया।
तीन घंटे तक समझाते रहे लोग
कुणाल के पहाड़ी पर जाने की जानकारी मिलने के बाद उसके माता-पिता भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे तक उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की।
दोपहर करीब 1 बजे कुणाल के पिता उसके पास पहुंचे और उसे वापस लाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पहाड़ी से नीचे खाई में जा गिरे।
बेटे और पति को गिरता देख मां भी नीचे गईं
पति और बेटे को गिरते देखकर संगीता भी कुछ देर बाद नीचे चली गईं। हादसे में तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लोगों ने iPhone 15 Pro देने तक की पेशकश की
तिसगांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने कुणाल को काफी समझाने की कोशिश की। उससे अपनी मां और भविष्य के बारे में सोचने की अपील की गई। बताया गया कि कुछ लोगों ने उसे iPhone 15 Pro दिलाने की पेशकश तक की, लेकिन वह नहीं माना।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पारिवारिक विवाद की पूरी परिस्थितियों और घटना के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। कुणाल की मानसिक स्थिति को लेकर भी फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।