बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजपुर थाना क्षेत्र के सेवारी के पास पिकअप और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, पिकअप में कुल 10 मजदूर सवार थे। सभी सूरजपुर जिले के नरोला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं और टमाटर की खेती के काम से शंकरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 2 बजे सेवारी के पास मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक से पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
7 घायलों को अंबिकापुर रेफर
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए 7 घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में मातम पसर गया। फिलहाल राजपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर के पीछे संभावित लापरवाही की पड़ताल कर रही है।