रायपुर। राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंदिर हसौद इलाके के पास DRI की टीम ने गांजा से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक में प्लास्टिक प्लंबिंग पाइप की आड़ में गांजा छिपाकर दूसरे राज्य में ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलने के बाद DRI की टीम ने संदिग्ध ट्रक की निगरानी शुरू की और मंदिर हसौद के पास उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 250 किलो गांजा बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि तस्करों ने गांजे को प्लास्टिक प्लंबिंग पाइप के बीच इस तरह छिपाया था, जिससे ट्रक सामान्य माल से लदा हुआ नजर आए और किसी को शक न हो। DRI ने ट्रक और गांजा जब्त कर लिया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल DRI अधिकारी चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटे हैं कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में DRI की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी होने का इंतजार है। आधिकारिक बयान के बाद गांजे की सही मात्रा, आरोपियों की संख्या और तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना भी जताई जा रही है।