रायपुर। निम्न दबाव क्षेत्र समेत विभिन्न मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मानसून सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तरी तटीय ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में भी मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।