28.5 C
Raipur
Saturday, October 10, 2026
Homeछत्तीसगढ़सवा लाख ‘आशीर्वाद के दीपों’ से जगमगाया खारुन तट, PM मोदी के...

सवा लाख ‘आशीर्वाद के दीपों’ से जगमगाया खारुन तट, PM मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए हुई महाआरती

Date:

Related stories

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के महादेव घाट में विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खारुन नदी के तट पर सवा लाख दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों द्वारा विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती की गई। मुख्यमंत्री साय ने भी महाआरती में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।

PM मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक निर्णय हुए : CM साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण जैसे ऐतिहासिक परिवर्तन देखे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए शासन का केंद्र गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। गरीब परिवारों को पक्का आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन, खाद्यान्न सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं।

PM मोदी के साथ काम करना महत्वपूर्ण अनुभव : CM साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें उनकी सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा और सुशासन को समर्पित रहा है।

छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र का सहयोग : CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। प्रदेश के विकास को केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से छत्तीसगढ़ ने माओवादी हिंसा के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के नए अवसर बन रहे हैं। सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्य जनभागीदारी के साथ किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

32 लाख दीप प्रज्वलित करने का दावा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत एवं मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories