अंबिकापुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, समाजसेवा और परोपकार की परंपरा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक नीति, निवेश और रोजगार को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत छत्तीसगढ़ को अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन प्रस्तावों के धरातल पर आने से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
33 जिलों में बनेंगे उद्यमिता विकास केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए अगले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है। सरकार का दावा है कि इससे युवाओं को तकनीक, कौशल, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
निर्यात नीति से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
CM साय ने कहा कि सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य छोटे उद्योगों, स्थानीय उत्पादों और मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने सरगुजा क्षेत्र में पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने अग्रवाल समाज के उद्यमियों से इन क्षेत्रों में निवेश और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की।
महिला और युवाओं की भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं अब व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्टार्टअप और समाजसेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका बढ़ा रही हैं। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ-साथ नए उद्यम शुरू करने और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
ट्रेड फेयर का शुभारंभ, ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन
अग्र महाकुंभ के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर उद्यमियों से उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अग्रवाल समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।