रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच T20 सीरीज के तीन मुकाबले खेले जाएंगे। ये मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर को नया रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैचों और टिकट व्यवस्था की जानकारी दी।

मैचों के टिकट 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से Ticket Genie की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। इस बार टिकट पूरी तरह डिजिटल होंगे, इसलिए दर्शकों को फिजिकल टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। एक व्यक्ति एक बार में अधिकतम छह टिकट खरीद सकेगा।
टिकटों की दरें तय
लोअर स्टैंड का सिंगल मैच टिकट 250 रुपये और तीनों मैचों के लिए सीजन टिकट 499 रुपये निर्धारित किया गया है। कॉम्बो टिकट की कीमत 250 रुपये रखी गई है। वहीं, पवेलियन प्लेटिनम और पवेलियन कॉरपोरेट टिकट 3,500 रुपये तथा पवेलियन गोल्ड टिकट 2,500 रुपये का होगा। पवेलियन कॉरपोरेट की दर प्रति व्यक्ति निर्धारित है।
NGT से मिली मैच आयोजन की अनुमति
मैचों के आयोजन को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने भी हरी झंडी दे दी है। दी गई जानकारी के अनुसार, NGT ने 20 लाख रुपये जमा करने के निर्देश दिए हैं। यह राशि मैच से पहले 9 अक्टूबर को ही जमा की जाएगी।