22 C
Raipur
Thursday, October 15, 2026
Homeछत्तीसगढ़त्योहारी सीजन में महंगाई का झटका, अरहर दाल ₹150 और चावल ₹90...

त्योहारी सीजन में महंगाई का झटका, अरहर दाल ₹150 और चावल ₹90 किलो, शक्कर ₹55 पार

Date:

Related stories

30 दिन में दूसरी बार बढ़े खाद्य पदार्थों के भाव, अरहर दाल 150 रुपए किलो और अब्बा हुजूर चावल 90 रुपए किलो तक पहुंचा

रायपुर। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर के थोक और फुटकर बाजार में अरहर दाल, चावल, चना दाल, मूंगफली दाना और शक्कर के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अरहर दाल और चावल की कीमतों में प्रति क्विंटल 1,000 रुपए तक की तेजी आई है। वहीं, फुटकर बाजार में कई खाद्य पदार्थ 10 से 30 रुपए प्रति किलो तक महंगे हो गए हैं। पहले से महंगी सब्जियों के बीच अब दाल-चावल की बढ़ती कीमतों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

अरहर दाल 150 रुपए किलो तक पहुंची

राजधानी के बाजार में अरहर दाल की कीमत अलग-अलग किस्मों के अनुसार 110 से 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। रामसागरपारा स्थित बालाजी ग्रेस के संचालक प्रकाश अग्रवाल के मुताबिक, अरहर दाल के दाम में हालिया बढ़ोतरी के बाद कीमत 140 रुपए से बढ़कर 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं, लाखे नगर स्थित रामजी अनाज भंडार के संचालक निकेश अग्रवाल ने बताया कि बिना पॉलिश वाली अरहर दाल 150 रुपए और पॉलिश वाली दाल 140 रुपए प्रति किलो बिक रही है।

चना दाल और मूंगफली दाना भी महंगे

अरहर दाल के साथ चना दाल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। पहले 70 से 85 रुपए प्रति किलो बिकने वाली चना दाल अब 80 से 100 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं, मूंगफली दाना के दाम में 10 रुपए प्रति किलो की वृद्धि हुई है। इसकी कीमत 160 रुपए से बढ़कर 170 रुपए प्रति किलो हो गई है।

चावल की कीमतों में भी तेजी

त्योहारी सीजन में चावल के भाव भी बढ़ गए हैं। बाजार में अब्बा हुजूर चावल की कीमत 9,000 रुपए प्रति क्विंटल यानी 90 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं, एचएमटी चावल 60 से 70 रुपए, कालीमूंछ चावल 68 से 78 रुपए और श्रीराम चावल 75 से 88 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। व्यापारियों के मुताबिक, पिछले महीने भी कई किस्मों के चावल की कीमतों में करीब 10 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई थी।

शक्कर के दाम भी फिर बढ़े

कुछ समय पहले 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने के बाद शक्कर की कीमत घटकर 46 से 48 रुपए प्रति किलो रह गई थी। इसके बाद कीमतों में दोबारा तेजी आई है। तीन दिन पहले थोक बाजार में शक्कर 50 रुपए और फुटकर बाजार में 52 रुपए प्रति किलो बिक रही थी। अब दो से तीन रुपए की बढ़ोतरी के बाद थोक में इसकी कीमत 52 रुपए और फुटकर बाजार में 55 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।

सब्जियों के दाम भी बढ़े, आलू-प्याज से राहत

दाल, चावल और शक्कर के साथ सब्जियों की कीमतें भी आम लोगों को परेशान कर रही हैं। बाजार में टमाटर 30 रुपए, बैंगन, फूलगोभी और करेला 80 रुपए, भिंडी 60 रुपए तथा लौकी, पत्तागोभी और कच्चा केला 40 रुपए प्रति किलो बिक रहे हैं। धनिया की कीमत 160 रुपए और हरी मिर्च की कीमत 80 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।

हालांकि, आलू और प्याज की कीमतों में कुछ राहत मिली है। भनपुरी आलू-प्याज आढ़तिया संघ के अध्यक्ष अजय अग्रवाल के मुताबिक, शनिवार को थोक बाजार में आलू 10 रुपए प्रति किलो और प्याज 35 से 40 रुपए प्रति किलो बिका।

त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों से आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। दाल, चावल, शक्कर और सब्जियों के महंगे होने से रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च बढ़ता जा रहा है।

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories