22 C
Raipur
Thursday, October 15, 2026
Homeफैशनरायपुर में आठवीं की छात्रा की मौत, स्कूल में डांट-फटकार को लेकर...

रायपुर में आठवीं की छात्रा की मौत, स्कूल में डांट-फटकार को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल

Date:

Related stories

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की छात्रा आकांक्षा सेन की मौत के मामले में परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। छात्रा छत्तीसगढ़ नगर स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर में पढ़ती थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार को स्कूल में क्लास टीचर के साथ विवाद के बाद छात्रा को डांट-फटकार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने उसके माता-पिता को भी बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि इस घटनाक्रम से छात्रा मानसिक रूप से परेशान थी।

वहीं, स्कूल की प्रधानपाठक इंद्राणी दुबे ने बताया कि कक्षा में छात्रा की क्लास टीचर से किसी बात पर बहस हुई थी। शिकायत के बाद छात्रा और अन्य बच्चियों को कार्यालय बुलाया गया। इसके बाद माता-पिता को स्कूल बुलाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। स्कूल प्रबंधन ने प्रताड़ना के आरोपों से इनकार किया है।

दुर्गा पूजा पंडाल गया था परिवार

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6:45 बजे परिवार के सदस्य घर के पास दुर्गा पूजा पंडाल गए हुए थे। इसी दौरान छात्रा घर में अकेली थी। घर लौटने पर परिजनों ने उसे फंदे पर पाया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही जांच

टिकरापारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी राजेश सिंह के अनुसार, मामले में मर्ग कायम किया गया है। पुलिस परिजनों, स्कूल प्रबंधन और छात्रा की सहपाठियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, छात्रा की मौत के कारणों और स्कूल में हुए घटनाक्रम की जांच जारी है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

- Browse free from up to 5 devices at once

Latest stories