रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर इस परियोजना को स्वीकृति मिल गई है और फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है। करीब तीन एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस आधुनिक बस टर्मिनल में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी।
जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में प्रस्तावित बस स्टैंड से प्रतिदिन पांच हजार से अधिक यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में जिला मुख्यालय के बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है। यहां से जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं।
वेटिंग हॉल, लिफ्ट और डिजिटल स्क्रीन जैसी सुविधाएं
प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड में आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और बसों के आगमन-प्रस्थान की जानकारी देने वाली डिजिटल सूचना स्क्रीन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को जरूरी सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
नए बस टर्मिनल से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। बसों के व्यवस्थित ठहराव और संचालन से शहर की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड
जशपुरनगर के अलावा कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण को स्वीकृति दी गई है। वहीं, बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।