जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बच्चे की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कुनकुरी थाना क्षेत्र की एक महिला ने कथित तौर पर अपने 9 से 10 माह के बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपये में बेच दिया था। मामले की जांच करते हुए कुनकुरी पुलिस ने पश्चिम बंगाल से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चे की मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मार्च 2026 में बेचे जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 को लक्ष्मी बाई निवासी ब्लॉक कॉलोनी, कुनकुरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(4), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि यशोदा यादव ने 18 दिसंबर 2025 को बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि मार्च 2026 में सुकरू आलम उर्फ बंगाली के माध्यम से बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन के पास 1 लाख 80 हजार रुपये में बेच दिया गया था।
पश्चिम बंगाल में बेटी को दिया था बच्चा
पुलिस ने आरोपी सुकरू आलम उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई। वहां शेख अलविन से पूछताछ में बच्चे को खरीदकर अपनी बेटी को देने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद किया और सुरक्षित संरक्षण में लिया। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में यशोदा यादव, सुकरू आलम उर्फ बंगाली, शेख अलविन, निर्मला तिर्की और फूलकुंवारी यादव को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अलीका पैंकरा, ढलेश्वर यादव और आरक्षक आलोक तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।