रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। वहीं, कुछ इलाकों में बीती रात से बारिश के साथ ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी बीच, प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

इन जिलों में 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल
राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित जिलों के कलेक्टरों के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारियों ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसके अनुसार, रायपुर, बिलासपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, कांकेर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सूरजपुर जिलों में 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे।
अवकाश संबंधी आदेश संबंधित जिलों के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों पर लागू होंगे। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।