रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज के महान जननायक, प्रख्यात अभियंता और पूर्व सांसद बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी पर उनकी आदमकद प्रतिमा का वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा, अंबिकापुर का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की घोषणा की। साथ ही सीतापुर में 28 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का भूमिपूजन किया और पुलिस आवासीय भवनों का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री निवास, रायपुर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन शिक्षा, सामाजिक चेतना, संगठन और जनजातीय समाज के स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने तथा समाज और राष्ट्र की सेवा करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने उच्च शिक्षा प्राप्त कर जनजातीय समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया और जनजातीय समुदाय के संवैधानिक अधिकारों, सांस्कृतिक पहचान तथा सामाजिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनजातीय समाज और क्षेत्रीय सांसद की मांग पर शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा का नाम बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान तकनीकी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को बाबा कार्तिक उरांव के संघर्ष, उपलब्धियों और समाज के प्रति समर्पण से भी प्रेरित करेगा।
सीतापुर को 28 करोड़ से अधिक की फोरलेन सड़क
सीतापुर क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने सोनतराई से सूर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के लगभग 3.82 किलोमीटर लंबे हिस्से को फोरलेन बनाने के कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण से सीतापुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। इससे व्यापार, स्थानीय बाजारों और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छोटे नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर सड़क संपर्क तथा आधुनिक अधोसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पुलिसकर्मियों को मिलेंगी बेहतर आवासीय सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित महिला एनजीओ मेस भवन, उदयपुर में 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास, 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवास तथा थाना सीतापुर में 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासीय भवनों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारी और जवान कठिन परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उन्हें बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। इन नए भवनों से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
जनजातीय महापुरुषों की विरासत सहेजने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने लोकसभा सांसद के रूप में जनजातीय समाज के अधिकारों और समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के माध्यम से समाज को आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मृति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्शों और योगदान का स्मरण कराती हैं। राज्य सरकार ऐसे महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक उनके विचार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सरगुजा अंचल के जनजातीय नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय काका लरंग साय का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे जननायकों का जीवन जनसेवा, सामाजिक उत्थान और जनजातीय समाज के सशक्तीकरण के लिए समर्पित रहा है।
नक्सलवाद के विरुद्ध सफलता से बस्तर में विकास की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता से बस्तर में शांति, विश्वास और विकास के नए अवसर बने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षाबलों के साहस से इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
उन्होंने कहा कि अब दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर के प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और स्थानीय युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा आजीविका के बेहतर अवसर मिलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, वन संपदा और औद्योगिक संभावनाओं से समृद्ध है। प्रदेश के परिश्रमी और प्रतिभाशाली नागरिक इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने बाबा कार्तिक उरांव के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम ने बाबा कार्तिक उरांव को जनजातीय समाज का महान जननायक और दूरदर्शी विचारक बताते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा, सामाजिक संगठन और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन जनजातीय समाज के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनके शैक्षणिक योगदान और सामाजिक जागरूकता के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
सांसद चिंतामणि महाराज ने बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी पर प्रतिमा के अनावरण और इंजीनियरिंग महाविद्यालय का नामकरण करने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सीतापुर को फोरलेन सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, विधायक रामकुमार टोप्पो, अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, संरक्षक गणेश राम भगत, समिति के अध्यक्ष डॉ. आजाद भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।