रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बालोद जिले के ग्राम भेंडरा पहुंचे, जहां उन्होंने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री उनकी अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन पूरे क्षेत्र की जनता के साथ-साथ उनके लिए भी व्यक्तिगत रूप से अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा का सरल व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।