रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

करीब 16 एकड़ में विकसित इस पार्क में 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण के प्रति लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से इस पार्क का निर्माण किया गया है।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगा पर्यावरण संरक्षण
नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए ‘People for Peepal’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को पीपल सहित स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए भी प्रेरित करना है।
विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यह पहल नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में पहचान दिलाने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करेगी।