रायपुर। दीपावली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के शहरी गरीब परिवारों के लिए खुशखबरी आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत केंद्र सरकार ने प्रदेश के 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों में 4670 नए आवासों को मंजूरी दी है। इस स्वीकृति के साथ ही छत्तीसगढ़ में योजना के बीएलसी और एएचपी घटकों के अंतर्गत अब तक कुल 76 हजार 086 आवासों को केंद्र की मंजूरी मिल चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के तहत शहरी जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बीएलसी में 60,623 और एएचपी में 15,463 आवास स्वीकृत
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत बीएलसी यानी लाभार्थी आधारित निर्माण घटक में पहले 55 हजार 953 आवास स्वीकृत किए गए थे। अब 4670 नए आवासों की मंजूरी के बाद बीएलसी घटक में स्वीकृत आवासों की संख्या बढ़कर 60 हजार 623 हो गई है।
वहीं, एएचपी यानी भागीदारी में किफायती आवास घटक के अंतर्गत 15 हजार 463 आवासों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। दोनों घटकों को मिलाकर प्रदेश में अब तक कुल 76 हजार 086 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं।
हर पात्र परिवार को पक्का आवास दिलाना सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नए आवासों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लाभार्थी परिवारों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को छत्तीसगढ़ में तेजी से साकार किया जा रहा है। राज्य सरकार हर पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4670 नए आवासों की स्वीकृति से हजारों शहरी गरीब परिवारों के अपने घर का सपना पूरा होगा। दीपावली पर मिली यह सौगात परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
84 नगरीय निकायों को आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अरुण साव ने इस स्वीकृति को नगरीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने संबंधित 84 नगरीय निकायों को हितग्राहियों के आवास निर्माण में हर संभव सहयोग देने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के हर शहरी गरीब को अपना घर मिले, यही राज्य सरकार का लक्ष्य है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से हजारों परिवारों के अपने पक्के घर का सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।